पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह आयोजित

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह आयोजित

डलहौजी/ चम्बा 14 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के बोर्ड परीक्षा से पूर्व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरणादायक रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या कर्मजीत कौर के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण से सराबोर दिखाई दिया। प्राचार्या महोदया ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण अवश्य है, लेकिन यह अंतिम लक्ष्य नहीं है। अनुशासन, समर्पण और सतत प्रयासों से ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किए। उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित पुनरावृत्ति, स्वस्थ दिनचर्या तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व पर विशेष रूप से बल दिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव से दूर रहने और अपने लक्ष्य पर एकाग्र रहने की सलाह दी।इस अवसर पर कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों ने भी अपने विद्यालय जीवन के अनुभव साझा किए और शिक्षकों के मार्गदर्शन व सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यार्थियों की भावनात्मक अभिव्यक्तियों से कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत भावुक एवं उत्साहपूर्ण बन गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया तथा उनके प्रवेश पत्र प्रदान किए गए। समस्त विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और सफल जीवन की कामना की। यह आशीर्वाद समारोह विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणास्रोत बना, बल्कि उनके विद्यालय जीवन की एक स्मरणीय उपलब्धि भी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!