भरमौर 84 महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों का उपमंडलाधिकारी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की एडवाइजरी भी जारी

भरमौर 84 महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों का उपमंडलाधिकारी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की एडवाइजरी भी जारी

भरमौर/चम्बा 14 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

महाशिवरात्रि महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कार्यवाहक अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने शनिवार को चौरासी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।एडीएम ने विशेष रूप से पुलिस विभाग को महाशिवरात्रि पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भरमौर पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी भी जारी की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण भरमाणी मंदिर, मणिमहेश मार्ग तथा केलंग वजीर मंदिर फिलहाल बंद हैं। ऐसे में श्रद्धालु इन स्थानों की ओर जाने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें।उन्होंने पुलिस विभाग को हड़सर के समीप एक अस्थायी पुलिस पोस्ट स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को मणिमहेश या केलंग वजीर मंदिर की ओर जाने से रोका जा सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी श्रद्धालु प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, आस्था और सुरक्षित वातावरण के साथ संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!