तीसा में राजकीय अर्द्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ की इकाई के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न

तीसा में राजकीय अर्द्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ की इकाई के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न

तीसा (चूराह) 15 फरवरी दिलीप सिंह ठाकुर

राजकीय अर्द्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ जिला चंबा इकाई, तीसा के चुनाव बुधवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, तीसा में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से आयोजित किए गए। चुनाव प्रक्रिया स्टेट एडवाइजर व जिला महासचिव महेंद्र कुमार तथा राज्य उप प्रधान राजेश वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी पदों के लिए नामांकन और चयन सर्व समिति से किया गया, जिससे संगठन में एकजुटता और अनुशासन का संदेश गया।चुनाव परिणामों में राज मोहम्मद को तीसा इकाई का प्रधान चुना गया। वहीं जाकिर हुसैन को सचिव, हंसराज को कोषाध्यक्ष तथा लेखराज को प्रेस सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को उपस्थित सदस्यों ने बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।

इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ उप प्रधान श्याम पठानिया, जिला कोषाध्यक्ष मनेश कुमार, जिला प्रेस सचिव शिव कुमार सहित तीसा क्षेत्र के विभिन्न विभागों में कार्यरत चालक, ऑपरेटर और परिचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में विशेष रूप से चालक और ऑपरेटर वर्ग की वेतन विसंगतियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने एक स्वर में मांग की कि सरकार शीघ्र हस्तक्षेप कर वेतन संबंधी असमानताओं को दूर करे, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके और कार्यकुशलता में सुधार आए ।

इसके साथ ही सेवा शर्तों में सुधार, समय पर भुगतान और सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई।अंत में नव-निर्वाचित प्रधान राज मोहम्मद ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगा और मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!