तीसा के चांजू एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त , बड़ा हादसा टला

तीसा के चांजू एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त , बड़ा हादसा टला

तीसा/चुराह 15 फरवरी दिलीप सिंह ठाकुर

उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चांजू के पनिहारका गांव में एक पिकअप वाहन सड़क पर पलट गया। यह वाहन पठानकोट से पराली लेकर गांव की ओर आ रहा था। घटना उस समय हुई जब पिकअप गांव की कच्ची सड़क से गुजर रहा था। अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गया।घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए , गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। वाहन में सवार लोग भी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, वाहन को आंशिक नुकसान जरूर पहुंचा है।ग्रामीणों ने बताया कि पनिहारका गांव को जोड़ने वाला मार्ग बेहद संकरा और कच्चा है।

बरसात के दिनों में यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है, जिससे वाहन फिसलने या अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क पर पहले भी कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि गांव के इस मुख्य रास्ते को जल्द से जल्द चौड़ा और पक्का किया जाए। उनका कहना है कि यह मार्ग न केवल गांव के लोगों के लिए, बल्कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। कच्ची सड़क के कारण एंबुलेंस और अन्य बड़े वाहनों को आने-जाने में भी काफी परेशानी होती है।ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते सड़क का सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि गांव के लोगों की आवाजाही सुरक्षित हो सके और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!