चंबा में नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य व आत्महत्या रोकथाम अभियान का शुभारंभ

चंबा में नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य व आत्महत्या रोकथाम अभियान का शुभारंभ

चम्बा 19 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा चंबा जिला में एक विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन डिग्री कॉलेज चंबा में किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंड अधिकारी चंबा श्री अमित मेहरा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, जिस पर खुलकर चर्चा किए जाने की आवश्यकता है।

मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं किसी को भी प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन समय पर सही सहयोग, परामर्श और उपचार से इन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि यदि वे स्वयं या उनका कोई परिचित मानसिक तनाव या अवसाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा हो, तो उसकी सहायता अवश्य करें।उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि समाज को एक सकारात्मक दिशा दी जा सके।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम को लेकर बच्चों और युवाओं के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाज में नशे को एक सामाजिक बुराई माना जाता है, लेकिन चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से नशा भी अन्य रोगों की तरह एक बीमारी है, जो व्यक्ति को गंभीर मानसिक रोगों की ओर ले जा सकती है। यदि समय पर सही परामर्श और उपचार मिले, तो इसका पूर्ण इलाज संभव है।जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से तनाव और मानसिक विकारों का समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर शर्म और डर को समाप्त करने के लिए स्कूलों में मानसिक शिक्षा तथा कार्यस्थलों पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश राठौर, डॉ. अविनाश, डॉ. शैली महाजन सहित स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!