प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत पात्र महिलाओं को मिलेंगे निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन: उपायुक्त

चम्बा 20 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत जिले में पात्र परिवारों की महिलाओं को नए निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध करवाना तथा धुएं से होने वाली बीमारियों से राहत दिलाना है।उपायुक्त ने बताया कि उज्ज्वला 3.0 के तहत पात्र महिलाओं को 2,050 रुपये तक का निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन दिया जाएगा। इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी और गोबर के उपलों पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को पूर्ण रूप से भरा हुआ केवाईसी फॉर्म, पहचान प्रमाण पत्र, पते का प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आवेदक सहित परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण तथा वंचना घोषणा पत्र आवेदन के साथ प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल उन परिवारों को मिलेगा जिनके किसी भी सदस्य के नाम पहले से एलपीजी कनेक्शन दर्ज नहीं है तथा जिनकी मासिक आय 10 हजार रुपये से कम है।इच्छुक एवं पात्र महिलाएं ऑनलाइन पोर्टल www.pmuy.gov.in�, www.cx.indianoil.in�, www.my.ebharatgas.com� और www.myhpgas.in� के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त आवेदन कॉमन सर्विस सेंटर, नामांकन शिविर, हेल्प डेस्क या निकटतम एलपीजी वितरक कार्यालय में भी किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।