जिला परिषद चंबा के 18 वार्डों के परिसीमन पर अधिसूचना जारी, 7 दिन में मांगी आपत्तियां

जिला परिषद चंबा के 18 वार्डों के परिसीमन पर अधिसूचना जारी, 7 दिन में मांगी आपत्तियां

चंबा. 20 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने चंबा जिला में जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) के परिसीमन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रकाशित की गई है।जारी अधिसूचना के अनुसार जिला परिषद चंबा के अंतर्गत आने वाले 18 वार्डों—करयास, सनवाल, चान्जू, खणी, किलोड़, सुनारा, करियां, बख्तपुर, मोतला, समोट, बनेट, नैनीखड्ड, उदयपुर, सरोल, चकलू, करवाल, ब्याणा तथा सनूह—के परिसीमन संबंधी प्रस्ताव आम जनता के अवलोकन हेतु प्रकाशित किए गए हैं।उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित परिसीमन के संबंध में कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्तियां अथवा आक्षेप अधिसूचना जारी होने की तिथि से आगामी सात दिनों के भीतर प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संबंधित परिसीमन सूची जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव, जिला परिषद कार्यालय में उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त सभी खंड विकास अधिकारियों तथा समस्त ग्राम पंचायत सचिवों के कार्यालयों में भी सूची अवलोकनार्थ रखी गई है, ताकि आम नागरिक प्रस्तावित बदलावों की जानकारी प्राप्त कर सकें।प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि परिसीमन प्रस्तावों को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति हो तो वे निर्धारित अवधि के भीतर लिखित रूप में प्रस्तुत करें। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त आपत्तियों पर विचार करने के उपरांत अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!