चंबा दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, युक्तिकरण से शिक्षा गुणवत्ता सुधारने पर दिया जोर

चम्बा 21 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा पहुंचने पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का परिधि गृह में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन, विभिन्न विभागीय अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा जिला चंबा में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर आकलन किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।रोहित ठाकुर ने प्रदेश में कम नामांकन वाले विद्यालयों में चल रही युक्तिकरण प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते दस वर्षों में देशभर में लगभग 90 हजार विद्यालयों का युक्तिकरण किया गया है, जिससे संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव हो सका है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जिन विद्यालयों का युक्तिकरण किया गया है, उनमें अधिकांश में नामांकन शून्य या अत्यंत कम था। निर्धारित मानकों के आधार पर ही यह प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने आशा जताई कि संसाधनों के समुचित उपयोग से प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। विभिन्न संगठनों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया।
