पांगी घाटी में युवती के अपहरण का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

पांगी/चंबा 22 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के दुर्गम पांगी क्षेत्र से एक युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांगी के गांव रेई निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बेटी को पांगी के ही कोठी गांव निवासी राहुल अपने साथ ले गया है।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी बिना अनुमति उसकी बेटी को अपने साथ ले गया, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिवार ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस टीम ने मामला दर्ज करते ही जांच शुरू कर दी है। संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है तथा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। युवती की सुरक्षित बरामदगी को लेकर पुलिस द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए तलाशी अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।इस संबंध में विजय सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा, ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और जल्द ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को संबंधित युवती या आरोपी के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि युवती को सुरक्षित बरामद किया जा सके और मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।