सरदार अजीत सिंह की जयंती पर पंचपुला में श्रद्धांजलि, देशभक्ति गीतों से गूंजा वातावरण

डलहौजी/ चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के चाचा एवं प्रखर क्रांतिकारी सरदार अजीत सिंह की जयंती के अवसर पर डलहौजी स्थित पंचपुला में उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन देशभक्त सरकार अजीत सिंह यादगार सभा डलहौजी की ओर से किया गया, जिसमें सभा के सदस्य धीरज गुप्ता सहित अन्य सदस्यों और पर्यटकों ने भाग लिया।इस अवसर पर सरदार अजीत सिंह की प्रतिमा पर विधिवत माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर उनके स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान “पगड़ी संभाल जट्टा” सहित अन्य देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा, जिससे वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।

सभा के सदस्य धीरज गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार अजीत सिंह ने “पगड़ी संभाल जट्टा” का नारा देकर उस समय किसानों और आमजन में स्वाभिमान तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता की अलख जगाई थी। उन्होंने बताया कि अजीत सिंह का जीवन संघर्ष, त्याग और देशप्रेम का प्रतीक है, जिसने युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और विचारों से परिचित होने का अवसर मिलता है।

सभा के सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जीवित रखेंगे और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।