सीमांत चौकियों का एसपी चंबा ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के दिए उचीत दिशा निर्देश

चम्बा 24 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा ने मंगलवार को पुलिस थाना किहार के अंतर्गत आने वाली सीमांत चौकियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र में स्थित चेक पोस्ट लंगेरा और पुलिस पोस्ट संघणी का दौरा कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं और कार्य से जुड़ी चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जवानों को सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।एसपी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चेक पोस्ट और पुलिस पोस्ट में उपलब्ध सुविधाओं, रजिस्टरों तथा सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आम जनता के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत सहायता उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवान कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं, इसलिए उनके मनोबल को ऊंचा बनाए रखना भी जरूरी है। पुलिस प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।एसपी ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्रिय, सजग और प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाते रहेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित रहे।
