सिहुन्ता कॉलेज के वार्षिक समारोह में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, शिक्षा और विकास को लेकर कई घोषणाएं

सिहुन्ता कॉलेज के वार्षिक समारोह में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, शिक्षा और विकास को लेकर कई घोषणाएं

भटियात/ चम्बा 24 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को सिहुन्ता स्थित राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि भटियात क्षेत्र को शिक्षा हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके लिए उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्किल यूनिवर्सिटी सिहुन्ता में स्थापित की जाएगी और भविष्य में जिला के अन्य उपमंडलों में भी इसके विस्तार केंद्र खोले जाएंगे।उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता में विज्ञान संकाय शुरू करने तथा संगीत विभाग के अंतर्गत सह आचार्य (गायन) के पद को निकट भविष्य में भरने का आश्वासन भी दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का अगला वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह कॉलेज के अपने भवन में आयोजित किया जाएगा।

पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति दी गई है। पिछले तीन वर्षों में सिहुन्ता और आसपास की पंचायतों—ककरोटी, मोतला, कामला, गरनोटा और रजैं—में संपर्क मार्गों और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए लगभग 204 करोड़ 53 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। इनमें द्रमण–सिहुन्ता–लाहडू डबल लेन सड़क मार्ग और राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता का परिसर भी शामिल है।उन्होंने प्रस्तावित द्रमण–सिहुन्ता–लाहडू–चंबा–तीसा–किलाड़ उच्च मार्ग को क्षेत्रीय और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यकता पड़ने पर वे प्रधानमंत्री से भी भेंट करेंगे।

समारोह के दौरान उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 31 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और विद्यार्थियों ने पहाड़ी, हिंदी तथा पंजाबी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!