उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने चौगान तक प्रस्तावित लिफ्ट निर्माण स्थल का किया निरीक्षण

चम्बा 25 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में चौगान नंबर–1 तक प्रस्तावित लिफ्ट निर्माण परियोजना को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बुधवार को संभावित स्थलों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड, तत्त्वनी और कसकड़ा क्षेत्र का बारीकी से अवलोकन करते हुए परियोजना की व्यवहार्यता का आकलन किया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तकनीकी व्यवहार्यता, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, भूमि की उपलब्धता तथा आमजन को मिलने वाली सुविधा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

संबंधित विभागों के अधिकारियों से परामर्श करते हुए यह भी समीक्षा की गई कि किस स्थान से चौगान नंबर–1 तक लिफ्ट निर्माण की सबसे अधिक उपयुक्त और व्यवहारिक संभावना बनती है।उपायुक्त ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एडीबी को विस्तृत प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार कर भेजा जाएगा। इसके लिए विभागीय औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि तकनीकी दृष्टि से सभी पहलुओं का गहन मूल्यांकन कर जल्द से जल्द व्यवहारिकता रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि उपयुक्त स्थल का चयन कर परियोजना को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शीतला मंदिर के समीप रावी नदी तट पर प्रस्तावित पूजा घाट स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल के विकास के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।इसके अलावा उपायुक्त ने हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए प्राचीन शीतला पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, अधिशाषी अभियंता जोगिंदर शर्मा, जितेंद्र शर्मा, मीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।