विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों को किया सम्मानित

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों को किया सम्मानित

भटियात/ चम्बा 25 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता स्थापित हो रही है।

उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था, पाठ्यक्रम निर्माण और संस्थागत जवाबदेही में सुधार लाकर शिक्षा को अधिक पारदर्शी, परिणामोन्मुखी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को मिल रहा है।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यह क्षेत्र विकास के मामले में प्रदेश के कई क्षेत्रों से आगे है और यहां के युवा प्रदेश, देश तथा विदेशों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।इस अवसर पर उन्होंने बताया कि भटियात क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 300 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने घोषणा की कि चुवाड़ी में प्रस्तावित मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू किया जाएगा और इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर में लगभग 7 लाख रुपये की लागत से बने गर्ल्स कॉमन रूम का उद्घाटन भी किया। इसमें छात्राओं के लिए बैठने की व्यवस्था, टीवी, आरओ वॉटर प्यूरीफायर, फ्रिज और माइक्रोवेव ओवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!