सीपीआई-एम(CPIM) ने अमेरिका की टैरिफ नीतियों के खिलाफ चंबा में किया जोरदार प्रदर्शन

सीपीआई-एम(CPIM) ने अमेरिका की टैरिफ नीतियों के खिलाफ चंबा में किया जोरदार प्रदर्शन

चम्बा 25 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

सीपीआई-एम(CPIM) कार्यकर्ताओं ने अमेरिका द्वारा विभिन्न देशों पर लगाए जा रहे भारी टैरिफ और संरक्षणवादी नीतियों के विरोध में जिला चंबा में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे वैश्विक व्यापार व्यवस्था के लिए नुकसानदेह बताते हुए कड़ी निंदा की।प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिला सचिव नरेंद्र ने कहा कि अमेरिका द्वारा आयातित वस्तुओं पर भारी टैरिफ लगाकर वैश्विक व्यापार को अस्थिर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति साम्राज्यवादी दबाव की रणनीति का हिस्सा है, जिसके माध्यम से अमेरिका विश्व अर्थव्यवस्था पर अपना प्रभाव बनाए रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संरक्षणवादी नीतियां अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रणाली को कमजोर करती हैं और विशेष रूप से छोटे तथा विकासशील देशों के उद्योगों और श्रमिकों के लिए गंभीर चुनौतियां पैदा करती हैं।उन्होंने कहा कि इस टैरिफ युद्ध का प्रभाव भारत जैसे विकासशील देशों पर भी पड़ सकता है।

किसानों, मजदूरों और छोटे उद्योगों के लिए यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि निर्यात प्रभावित होने से रोजगार के अवसर घट सकते हैं और आर्थिक अस्थिरता बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो इसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे सकता है।सीपीआई-एम ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह देश के किसानों, मजदूरों और छोटे उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार को अमेरिका के दबाव में आकर कोई भी ऐसा समझौता नहीं करना चाहिए, जो आम जनता के हितों के खिलाफ हो।पार्टी ने देश की जनता से भी अपील की कि वे साम्राज्यवाद और आर्थिक दबाव की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष को मजबूत करें। इस प्रदर्शन में सुदेश, केवल कृष्ण, रवि, इकबाल, चैन लाल, जय सिंह, नरेण सिंह, रिझु राम, प्रीतम, हिम्मतू, याकूब, नवलेश, समीम, दीपू, बेंसु, चमन और हसन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!