बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शानदार परिणाम, बीएससी नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर में शत-प्रतिशत सफलता

डलहौजी/ चम्बा 27 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के अग्रणी नर्सिंग शिक्षण संस्थानों में शामिल बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए बीएससी नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही संस्थान परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।कॉलेज के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि बीएससी नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में संस्थान की कुल 34 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया था और सभी छात्राएं अच्छे सीजीपीए अंकों के साथ उत्तीर्ण हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम संस्थान की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासित वातावरण और शिक्षकों की मेहनत का प्रमाण है।परीक्षा परिणाम में पायल शर्मा ने 8.35 सीजीपीए अंक प्राप्त कर संस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं आस्था रानी ने 8.26 सीजीपीए के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आँचल और पल्लू कुमारी ने 7.9 सीजीपीए अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य सभी प्रशिक्षुओं ने भी संतोषजनक प्रदर्शन करते हुए अच्छे अंक प्राप्त किए हैं।

चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल अच्छे परीक्षा परिणाम देना नहीं, बल्कि छात्राओं को नर्सिंग के क्षेत्र में कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी के रूप में तैयार करना है।उन्होंने बताया कि कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी प्रशिक्षक तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो रही है। उन्होंने सभी सफल छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर परिणामों के लिए प्रेरणा बनेगी। साथ ही उन्होंने छात्राओं को आगामी तृतीय सेमेस्टर में और अधिक मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।