शिक्षा संवाद कार्यक्रम के तहत सकरेरा स्कूल में एसएमसी बैठक, छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर

डलहौजी/ चम्बा 28 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे शिक्षा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय सकरेरा में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने की, जिसमें अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक तथा सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।बैठक के दौरान विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर अभिभावकों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इसमें विद्यार्थियों के कल्याण और उनके शैक्षणिक विकास के लिए परिवारों में स्वतंत्र एवं स्वस्थ वातावरण बनाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक स्वास्थ्य और पठन-पाठन में कौशल आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।इस दौरान परीक्षा सुधार, मूल्यांकन पद्धति तथा छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने के उपायों पर अभिभावकों से सुझाव लिए गए। विद्यालय में पुस्तकालय, प्रयोगशाला और खेल मैदान जैसी सुविधाओं को मजबूत करने तथा समुदाय की सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालय कल्याण कार्यक्रमों के लिए बजट प्रावधान और पर्यावरण संरक्षण के तहत वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।

विद्यालय में एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष की आवश्यकता को लेकर भी एसएमसी ने विचार किया और इस संबंध में चमेरा परियोजना के कार्यपालक निदेशक को पत्राचार के माध्यम से सहयोग का आग्रह करने का प्रस्ताव पारित किया गया।बैठक के दौरान आशा कार्यकर्ता पूजा ने अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में जागरूक किया। वहीं शिक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने शिक्षा संवाद की शपथ दिलाई। स्कूल के मुख्य अध्यापक लेखराज ने अभिभावकों को छात्रों की पढ़ाई में सुधार, मोबाइल फोन के दुष्प्रभाव और अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया।बैठक में अनेक अभिभावकों और शिक्षकों ने अपने विचार साझा किए। अंत में चायपान के साथ बैठक का समापन किया गया ।