चुवाड़ी के त्रिमथ में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 73 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार

चुवाडी/चम्बा 01 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के चुवाड़ी क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स नॉर्थ रेंज (एसटीएफ-एनआर) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को कुल 1 किलो 73 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है।मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नॉर्थ जोन रेनू शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि एसटीएफ की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान चुवाड़ी के समीप गांव त्रिमथ के पास दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस दल ने शक के आधार पर दोनों राहगीरों को रोका और उनकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस को उनके कब्जे से 1 किलो 73 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय निखिल टंडन पुत्र संजीव कुमार टंडन निवासी गांव गुनियाला, डाकघर बाथरी, तहसील डलहौजी जिला चंबा तथा 20 वर्षीय अमन पुत्र देशराज निवासी गांव चालेर, डाकघर ग्रिम्मा, तहसील भटियात जिला चंबा के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेनू शर्मा ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद की गई चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल तो नहीं है।उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
