नूरपुर में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 600 ग्राम चरस के साथ 43 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

कांगडा 02 मार्च चम्बा न्यूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला कांगड़ा के अंतर्गत आने वाले नूरपुर पुलिस जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि तखनार गांव में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव तखनार, डाकघर भाली, तहसील ज्वाली में स्थित एक आवासीय परिसर में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 600 ग्राम चरस बरामद की।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान 43 वर्षीय दविंदर कुमार पुत्र राज कुमार निवासी गांव तखनार, डाकघर भाली, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बरामद की गई चरस को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कुलभूषण वर्मा पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस “शून्य सहनशीलता” की नीति के तहत काम कर रही है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस मादक पदार्थ की तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशे से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।