राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोहाल के विद्यार्थियों का बट्ट आईटीआई खुशनगरी में शैक्षणिक भ्रमण

तीसा/चम्बा 02 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
व्यावसायिक शिक्षा की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोहाल के विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों के साथ बट्ट प्राइवेट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खुशनगरी (तीसा) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान में संचालित विभिन्न तकनीकी ट्रेडों और व्यावहारिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया को नजदीक से समझा।आईटीआई पहुंचने पर संस्थान के उप प्रधानाचार्य लुकेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत किया तथा उन्हें संस्थान की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि तकनीकी और व्यावसायिक कौशल भी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आईटीआई में उपलब्ध विभिन्न ट्रेडों, प्रशिक्षण पद्धति तथा रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि संस्थान में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाता है। इन ट्रेडों के माध्यम से विद्यार्थी न केवल रोजगार प्राप्त कर सकते हैं बल्कि स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान में आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशालाएं, अनुभवी प्रशिक्षक और व्यवहारिक प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने में सहायता मिलती है।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईटीआई की विभिन्न कार्यशालाओं और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं से भी संवाद किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।संस्थान के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बताया कि संस्थान में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिल सके।वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल को विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिलती है। विद्यार्थियों ने भी भ्रमण को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि उन्हें तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में नई जानकारी मिली। स्कूल प्रबंधन ने आईटीआई प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की उम्मीद जताई।