ग्राम पंचायत टप्पर में विशाल निरंकारी संत समागम का आयोजन, विधायक डी.एस. ठाकुर रहे उपस्थित

डलहौजी/चम्बा 05 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी क्षेत्र की ग्राम पंचायत टप्पर में बीते कल संत निरंकारी मिशन की शाखा डलहौजी द्वारा एक विशाल निरंकारी संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। समागम में क्षेत्र के अलावा पंजाब, जम्मू, चंबा और चुवाड़ी से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक भजनों और सत्संग से भक्तिमय बना रहा।शाखा के मीडिया सहायक अशोक चौहड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब के दुनेरा ब्रांच से पधारे संत विशन धीमान जी ने अपने प्रवचनों में मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यही है कि हर व्यक्ति जीवन का सफर तो तय कर रहा है, लेकिन उसे यह ज्ञात नहीं कि उसका अंतिम लक्ष्य क्या है और उसे जाना कहां है।

इस प्रश्न का उत्तर केवल सतगुरु की शरण में जाकर ही प्राप्त होता है।उन्होंने आगे कहा कि जब सतगुरु कृपा कर ब्रह्मज्ञान प्रदान करते हैं और आत्मा का परमात्मा से साक्षात्कार कराते हैं, तभी जीवन का सही मार्ग स्पष्ट होता है। निराकार प्रभु कण-कण में व्याप्त है, वह निरंकार और बेरंग है। उसे जानकर और उसके एहसास में रहकर सहज, संतुलित और सार्थक जीवन जीना संभव है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि प्रभु की प्राप्ति ही मानव जीवन का एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए।समागम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों ने निरंकार प्रभु की महिमा का गुणगान भजनों और विचारों के माध्यम से किया। इस अवसर पर डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने समागम की सराहना की। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
