समाजसेवी संस्था ‘आवाज़’ ने दानी सज्जनों को किया सम्मानित, समाजसेवा के लिए आगे आए सैकड़ों लोग

डलहोजी/ चम्बा 09 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय अग्रणी संस्था ‘आवाज़’ द्वारा दानदाताओं और समाजसेवियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम योग मानव विकास ट्रस्ट, अंतर्निर्माण सुकडाई बाईं में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी उपस्थित रहे।संस्था ‘आवाज़’ वर्ष 2003 से लगातार समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों को पेंशन सहायता, विद्यार्थियों के लिए विद्यादान, संकटमोचन सेवा तथा गरीब बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। हाल के समय में संस्था ने अचानक बीमार हुए लोगों और दुर्घटनाग्रस्त युवाओं के उपचार के लिए दानी सज्जनों से सहयोग राशि एकत्रित कर प्रभावित परिवारों की मदद भी की, जिससे कई लोगों को समय पर उपचार मिल सका और उनका स्वास्थ्य बेहतर हुआ।इन्हीं सेवाभावी कार्यों के लिए संस्था ने आज उन दानी सज्जनों को सम्मानित किया, जिन्होंने समाजसेवा के इन कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सुशील कुमार डोड़ेजा, बलदेव मोहन खोसला, कैप्टन जैसी राम, हरि प्रसाद और सुनील जरयाल उपस्थित रहे।संस्था के अध्यक्ष सुभाष साहिल ने अपने संबोधन में संस्था के इतिहास, अब तक किए गए कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से संस्था आगे भी जरूरतमंदों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। संस्था की समाजसेवा की भावना से प्रेरित होकर इलाके के सैकड़ों लोगों ने भी संस्था की सदस्यता लेने और समाज के लिए योगदान देने की स्वैच्छिक सहमति जताई।कार्यक्रम का मंच संचालन जगजीत आज़ाद ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस दौरान दीपक भगवालिया, फिरोज के रोज़, सुनील जरयाल, हरि प्रसाद, कैप्टन जैसी राम, बलदेव मोहन खोसला और सुशील डोड़ेजा सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा सभी समाजसेवियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में ओम आज़ाद ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी संस्था के साथ मिलकर समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ओम आज़ाद, पवन जसवाल और दीपक भगवालिया ने विशेष भूमिका निभाई।