हिलटॉप स्कूल में वार्षिक दिवस ‘विरासत-2026’ की धूम, राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया संस्कृति व संस्कारों के संरक्षण का आह्वान

डलहौजी, 24 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डलहौजी, 24 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डलहौजी हिलटॉप स्कूल में वार्षिक समारोह ‘विरासत-2026’ धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय के इतिहास में किसी राज्यपाल का यह पहला आगमन रहा। इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान, विज्ञान और तकनीक से जोड़ने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से परिचित करवाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे परीक्षा परिणाम हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और योग्य नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी प्रगति के साथ विवेक, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।

साथ ही हिमालय के संवेदनशील पर्यावरण के संरक्षण पर भी बल दिया।राज्यपाल ने विद्यालय के सीबीएसई परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए दसवीं कक्षा के शत-प्रतिशत परिणाम को उल्लेखनीय बताया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के राजौरी निवासी विद्यार्थी ए. एल. अक्षत कुमार को बारहवीं कक्षा में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चंबा जिले में प्रथम स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया। उन्होंने लद्दाख के अली अकबर के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।इस दौरान विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय आई. एम. धवन के योगदान को याद किया गया। विद्यालय की प्रेजिडेंट डॉ. पूनम राय धवन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर शैक्षणिक उपलब्धियों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी।सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, भगवान विष्णु के दशावतार, देशभक्ति, गरबा और हिमाचली नाटी की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह में पूर्व मंत्री आशा कुमारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, अभिभावक और पूर्व विद्यार्थी मौजूद रहे। राज्यपाल ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।