उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूनम कुमारी को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

डलहौजी/चम्बा 10 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकासखंड भटियात के अंतर्गत ग्राम पंचायत मनोला के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत पूनम कुमारी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिला प्रशासन चंबा की ओर से सम्मानित किया गया। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की।पूनम कुमारी पिछले कई वर्षों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके समर्पण और मेहनत के चलते क्षेत्र में आंगनबाड़ी से संबंधित कई योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सका है।जिला प्रशासन द्वारा किए गए इस सम्मान से ग्राम पंचायत मनोला के लोगों में खुशी का माहौल है। पंचायत के स्थानीय लोगों ने भी पूनम कुमारी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और लगन से निर्वहन किया है, जिससे पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

इस अवसर पर जब पूनम कुमारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी के माध्यम से बच्चों के पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और महिलाओं को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जो सम्मान मिला है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने की शक्ति मिलेगी। पूनम कुमारी ने जिला प्रशासन चंबा और ग्राम पंचायत मनोला का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी वह पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती रहेंगी।स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य लोगों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।