तीसा क्षेत्र से युवक के लापता होने का मामला, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप

तीसा 10 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर
जिला चंबा के पुलिस थाना तीसा के अंतर्गत पुलिस चौकी नकरोड में एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवक के परिजनों ने पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैफू पुत्र कासम निवासी नगोडी, ग्राम पंचायत चांजू, बीते कुछ दिनों से अपने ससुराल पक्ष के साथ विवाद में चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि कुछ समय पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने सैफू के साथ मारपीट की थी और उसकी पत्नी को जबरन उसके मायके ले जाया गया था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए थे।बताया जा रहा है कि बीते दिन सैफू अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए अपने ससुराल गया था। परिजनों के अनुसार देर रात लगभग दो बजे फोन के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि सैफू ससुराल से निकल चुका है। हालांकि इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। रात दो बजे के बाद से सैफू का मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

युवक के परिजनों ने इस मामले को लेकर पुलिस चौकी नकरोड में शिकायत दर्ज करवाई है और ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन की जा रही है।दूसरी ओर, परिजनों ने सैफू की गुमशुदगी को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसकी तस्वीर और जानकारी साझा की है, ताकि यदि किसी को उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो वह परिवार या पुलिस को सूचित कर सके।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।