स्वच्छ डलहौज़ी अभियान के तहत युवाओं ने संभाली सफाई की कमान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

स्वच्छ डलहौज़ी अभियान के तहत युवाओं ने संभाली सफाई की कमान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

डलहौजी/ चम्बा 11 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के उद्देश्य से बीते कल डलहौज़ी यूथ फाउंडेशन द्वारा एक विशेष “स्वच्छ डलहौज़ी अभियान” का आयोजन किया गया। इस अभियान में संस्था के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश दिया।अभियान के दौरान डलहौज़ी के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, पर्यटन स्थलों और सड़कों के किनारे फैले कचरे को एकत्रित कर साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक, बोतलें, रैपर और अन्य कचरे को इकट्ठा कर उसे निर्धारित स्थानों पर निस्तारित किया। इस दौरान युवाओं ने न केवल सफाई की बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष विनय कपूर ने कहा कि डलहौज़ी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।संस्था के सचिव आशीष कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि डलहौज़ी यूथ फाउंडेशन समय-समय पर इस तरह के सामाजिक और पर्यावरणीय अभियान चलाता रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ऐसे अभियान लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि डलहौज़ी को साफ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखा जा सके।संयुक्त सचिव गौरव वर्मा ने अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों और युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

इस स्वच्छता अभियान में डलहौज़ी यूथ फाउंडेशन के सभी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि हर नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!