भरमौर के मरौर गांव में मंदिर से भगवान शनि देव की मूर्ति गायब, ग्रामीणों में रोष

भरमौर/ चम्बा 11 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के मरौर गांव में स्थित एक छोटे मंदिर से भगवान शनि देव की मूर्ति गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने इस घटना को धार्मिक आस्था पर प्रहार बताते हुए प्रशासन से मामले की जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।जानकारी के अनुसार कुछ वर्ष पहले गांव के पास सड़क किनारे बने एक छोटे मंदिर में भगवान शनि देव और Hanuman जी की मूर्तियां स्थापित की गई थीं। यह मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र बन गया था, जहां गांव के लोग रोज सुबह अपने दैनिक कार्य पर जाने से पहले मत्था टेककर भगवान का आशीर्वाद लेते थे।

आज बुधवार सुबह जब कुछ ग्रामीण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर में स्थापित भगवान शनि देव की मूर्ति वहां से गायब है, जबकि अन्य प्रतिमाएं यथास्थान मौजूद थीं। मूर्ति के गायब होने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मूर्ति चोरी की गई है तो यह बेहद निंदनीय और शर्मनाक घटना है।

उनका कहना है कि आज के समय में लोग धार्मिक स्थलों और भगवान की मूर्तियों तक को नहीं बख्श रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।