चंबा में पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक, लंबित वित्तीय देयों पर जताया रोष

चंबा में पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक, लंबित वित्तीय देयों पर जताया रोष

चम्बा 11 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा में हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति, यूनिट जिला चंबा की एक महत्वपूर्ण बैठक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला समन्वयक डॉ. डी. के. सोनी ने की। इस बैठक में विभिन्न विभागों, निगमों, बोर्डों, कॉरपोरेट सेक्टर, शहरी निकायों और विश्वविद्यालयों से जुड़े 18 पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पेंशनरों से संबंधित लंबित मामलों और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के संशोधित वेतन का एरियर, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, पेंशन कम्यूटेशन तथा महंगाई भत्ते की लंबित किस्तें अब तक जारी नहीं की गई हैं। इन वित्तीय देयों के लंबे समय से लंबित रहने के कारण पेंशनरों में भारी रोष और असंतोष है।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकार समय पर मिलना चाहिए।बैठक में बताया गया कि 5 मार्च 2026 को Sundernagar में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि पूरे प्रदेश में 16 मार्च 2026 को जिला मुख्यालयों पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन और आक्रोश रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान पेंशनरों की 14 सूत्रीय मांगों की ओर आकर्षित करना है। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि बजट सत्र के दौरान सरकार द्वारा इन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 30 मार्च 2026 को Shimla में हिमाचल प्रदेश विधानसभा और सचिवालय का घेराव किया जाएगा।बैठक में प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर और बढ़ाए जा रहे हाउस टैक्स का भी विरोध किया गया।

पेंशनरों का कहना था कि इन फैसलों से आम जनता और पेंशनरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।इस अवसर पर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला चंबा के अध्यक्ष बज़ीर सिंह यादव, चंबा यूनिट के अध्यक्ष अशोक शर्मा, पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला चंबा के कार्यकारिणी अध्यक्ष लेख राज ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष सुरिंदर गुप्ता और राज्य ऑडिटर राजिंदर हमलाल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मानव चौणा (सेवानिवृत्त सीएचटी) ने भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की सदस्यता ग्रहण की, जिनका उपस्थित सदस्यों ने तालियों से स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!