चंबा में दर्दनाक हादसा, सातवीं कक्षा की छात्रा ने रावी नदी में लगाई छलांग, अस्पताल में हुई मौत

चम्बा 11 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा शहर के लोअर जुलाहकड़ी क्षेत्र में बुधवार को एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने रावी नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा बुधवार को शहर के एक निजी स्कूल में परीक्षा देकर घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वह सीधे घर जाने के बजाय रावी नदी की ओर चली गई। जैसे ही वह नदी किनारे पहुंची, उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए और तुरंत उसकी सहायता के लिए आगे आए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया और पुलिस व दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी प्रयासों के बाद बचाव दल और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को नदी से बाहर निकाला गया। उस समय वह बेसुध अवस्था में थी। तुरंत उसे उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं।इस मामले में पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।