हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर जडेरा का निरीक्षण, सीएमओ डॉ. जालम भारद्वाज ने दिए स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश

चंबा, 12 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने गुरुवार को स्वास्थ्य खंड पुखरी के अंतर्गत आने वाले हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर जडेरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ से स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र में आने वाले मरीजों के उपचार की व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।

डॉ. भारद्वाज ने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की जांच की और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आवश्यक दवाइयां हमेशा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने लैब में मौजूद उपकरणों की स्थिति और उनके रखरखाव की भी समीक्षा की तथा उपकरणों को नियमित रूप से कार्यशील रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्टाफ की उपस्थिति भी जांची और सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति और परिसर की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें तथा उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएं।उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे निरीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।