चंबा साहित्य उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, शब्द-संस्कृति और सृजन का दिखा संगम

चंबा 12 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
“शब्द, संस्कृति और सृजन का संगम” थीम के साथ चंबा साहित्य उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा के सभागार में हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात साहित्यकारों, कवियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।साहित्य उत्सव की अध्यक्षता प्रख्यात साहित्यकार एवं संपादक बलराम ने की। कार्यक्रम में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, प्रसिद्ध साहित्यकार राम प्रकाश द्विवेदी, शिव नारायण, अजेय, भावना शेखर, रंजीता सिंह फ़लक, चाहत अन्वी, अविनाश मिश्र, प्रशांत रमण रवि सहित कई प्रमुख कवि और साहित्यकार उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पृथीपाल सिंह के साथ-साथ प्रदेश और जिला चंबा के अनेक साहित्यकारों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।अपने अध्यक्षीय संबोधन में साहित्यकार बलराम ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत ही नहीं बल्कि मनुष्य के अंतर्मन को विकसित करने की महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत व्यक्ति के बौद्धिक विकास के साथ-साथ समाज में मानवीय मूल्यों को भी मजबूत बनाती है। “पुस्तकों से क्या चाहा जाता है” विषय पर विचार रखते हुए उन्होंने महान साहित्यकार रवींद्रनाथ टैगोर, गुलज़ार, कुँवर नारायण और अरुण देव के साहित्यिक दृष्टिकोण का उल्लेख किया।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी साहित्यकारों का स्वागत करते हुए कहा कि डिजिटल युग में युवाओं में पुस्तकों के प्रति रुचि और पठन-पाठन की आदत विकसित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने चंबा के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से चंबा की संस्कृति को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाएंगे।इस अवसर पर कविता उत्सव और शाम-ए-ग़ज़ल का भी आयोजन किया गया। साथ ही पुस्तक मेले और स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कवि प्रशांत रमण रवि ने किया।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त राहुल धीमान, प्राचार्य राकेश राठौर, जिला विकास अधिकारी तेवेंद्र चनोरिया और जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।