चंबा में 467 ग्राम चरस के साथ पंजाब का व्यक्ति गिरफ्तार, अल सुबह नाकाबंदी के दौरान एसआईयु पुलिस दल की बडी कार्रवाई

चम्बा 12 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज तड़के पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को 467 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब राज्य का निवासी बताया जा रहा है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब साढे 4 बजे स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) चंबा की टीम, प्रभारी गगन की अगुवाई में नियमित गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एनएच 154 ए पर स्थित सरू के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पैदल जाते देखा।

उसके हाव-भाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से 467 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा पुत्र केवल शर्मा निवासी नांगल कोटली, जिला गुरदासपुर (Gurdaspur)पंजाब के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे से संबंधित किसी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके।

तो वही आज आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा