भरमौर में बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत, लापरवाही पर मामला दर्ज

भरमौर में बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत, लापरवाही पर मामला दर्ज

डलहौजी/ चम्बा 14 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल भरमौर में बिजली लाइन पर कार्य करते समय करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के लिए सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर और कंपनी प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार बताया जा रहा है।पुलिस थाना भरमौर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते कल सिविल अस्पताल (CH) भरमौर से दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने घायल व्यक्ति छम्मू पुत्र बशीर मोहम्मद निवासी गांव टटरोग, डाकघर खुशनगरी, तहसील चुराह, जिला चंबा को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के साथ आए उसके भाई महवूब का बयान धारा 173 BNSS के तहत दर्ज किया गया।बयान के अनुसार मृतक छम्मू और उसका भाई महवूब पिछले लगभग दो वर्षों से JSW कंपनी के तहत खड़ामुख से बैराज साइट तक 11 केवी बिजली लाइन बिछाने और उसकी मरम्मत का कार्य कर रहे थे।

बताया गया कि 13 मार्च को ADIT-06 के पास दोनों भाई बिजली लाइन की मरम्मत और तारें बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करीब दोपहर दो बजे छम्मू ने बिजली के खंभे पर चढ़ने से पहले मच्छेत्तर सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन को फोन कर बिजली बंद करने के लिए कहा।परिजनों के अनुसार बिजली बंद होने की पुष्टि मिलने के बाद ही वह खंभे पर चढ़ा, लेकिन जैसे ही वह ऊपर पहुंचा उसे अचानक करंट लग गया। करंट लगने से वह संतुलन खो बैठा और करीब 20 से 25 मीटर नीचे ढांक में जा गिरा, जिससे उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।इसके बाद उसके भाई महवूब और कंपनी के फार्मासिस्ट राजीव कुमार उसे कंपनी की एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भरमौर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मच्छेत्तर सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन तथा JSW कंपनी प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है।

इसी आधार पर थाना भरमौर में मामला दर्ज किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की जांच उपनिरीक्षक संदीप कुमार कर रहे हैं। इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी द्वारा की गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!