चंबा शहर के विकास कार्यों का विधायक नीरज नैय्यर ने किया निरीक्षण, पार्किंग व हेलीपोर्ट परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

चंबा 14 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रस्तावित और जारी विकासात्मक योजनाओं का जायजा लेने के लिए विधायक Neeraj Nayar ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त Mukesh Repaswal और पुलिस अधीक्षक Vijay Kumar Saklani विशेष रूप से मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान विधायक ने सबसे पहले पुराने बस अड्डे में प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग स्थल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक Chamba Chaugan में चल रहे सौंदर्यकरण कार्यों का भी जायजा लिया।

उन्होंने परिधि गृह के समीप प्रस्तावित पार्किंग स्थल, हरदासपुर पार्क, पुलिस मैदान वारगाह के उन्नयन कार्यों तथा निर्माणाधीन इंडोर खेल स्टेडियम का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा सुल्तानपुर मोहल्ले के पास बन रहे हेलीपोर्ट स्थल का अवलोकन कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए विधायक नीरज नैय्यर ने चंबा वासियों को बधाई देते हुए कहा कि शहर की वर्षों पुरानी पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुराने बस अड्डे में चार मंजिला आधुनिक पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए पुरानी इमारत को हटाने का कार्य शुरू हो चुका है।

इस परियोजना को लगभग एक से डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने बताया कि परिधि गृह के सामने तीन मंजिला पार्किंग निर्माण का भी प्रस्ताव है और इसके लिए आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं जारी हैं। वहीं ऐतिहासिक चौगान के सौंदर्यकरण के तहत म्यूजिकल लाइट्स लगाने का कार्य प्रगति पर है तथा एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना भी है, जिससे स्थानीय बच्चों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल सकेगा।विधायक ने बताया कि निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम के लिए 11 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 8 करोड़ 50 लाख रुपये के कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं।

साथ ही सुल्तानपुर हेलीपोर्ट का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और सितंबर तक उड़ान योजना के तहत यहां से हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।इस अवसर पर सहायक आयुक्त राहुल धीमान, हिमाचल पथ परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक शुगल सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंदर शर्मा, नगर परिषद की कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
