राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, विधायक नीरज नैय्यर ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, विधायक नीरज नैय्यर ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चम्बा 15 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदर चंबा के विधायक Neeraj Nayar मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेलकूद तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।अपने संबोधन में विधायक नीरज नैय्यर ने विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है और विद्यार्थी देश का उज्ज्वल भविष्य हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विशेष रूप से दुर्गम और पिछड़े क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम योगदान देते हैं।

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि महाविद्यालय चंबा में एमबीए, एमसीए, एम.कॉम और एम.ए. सोशियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिससे अब विद्यार्थियों को इन कोर्सों की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ रहा है।इस अवसर पर विधायक ने जिले में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया और क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी साझा की।कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसकी विधायक ने सराहना करते हुए महाविद्यालय को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इससे पहले विधायक नीरज नैय्यर ने डॉ. सुखदेव शर्मा द्वारा अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय स्वदेश शर्मा की स्मृति में महाविद्यालय के डिजिटल पुस्तकालय के विस्तार कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। प्राचार्य राकेश राठौर ने बताया कि डॉ. सुखदेव शर्मा द्वारा 10 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है, जिसमें से 5 लाख रुपये पुस्तकों और 5 लाख रुपये फर्नीचर पर व्यय किए गए हैं।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य राकेश राठौर ने वार्षिक प्रतिवेदन 2025–26 प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!