चंबा में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें लोग,जिलाधीश चम्बा की अपील

चंबा 26 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा 26 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और आम जनता को किसी प्रकार की घबराहट या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधीश मुकेश रेपसवाल ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने बताया कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिन लोगों को गैस भरवाने में दिक्कत आ रही है, उनके पास अक्सर आवश्यक रजिस्ट्रेशन या वैध दस्तावेज नहीं होते, जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे ही कुछ लोग अफवाह फैलाकर स्थिति को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं।

जिलाधीश ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मद्धेशिया क्षेत्र में चल रहे संघर्ष का असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है, जिससे कुछ हद तक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो सकती है। हालांकि, जिला स्तर पर इसका कोई गंभीर प्रभाव नहीं पड़ा है और प्रशासन पूरी तरह से स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक होने के नाते प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। साथ ही, यदि किसी को गैस आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या होती है, तो वह संबंधित विभाग से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में आने वाली किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तैयारी की गई है और आवश्यक कदम समय-समय पर उठाए जाएंगे, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।