रेलवे मंत्री से कांगड़ा चंबा लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज की शिष्टाचार भेंट, कांगड़ा-चंबा क्षेत्र में रेल विकास पर हुई अहम चर्चा

रेलवे मंत्री से कांगड़ा चंबा लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज की शिष्टाचार भेंट, कांगड़ा-चंबा क्षेत्र में रेल विकास पर हुई अहम चर्चा

नई दिल्ली 27 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नई दिल्ली में देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा शिष्टाचार भेंट की गई, जिसमें कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेलवे विकास के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। इस मुलाकात में क्षेत्र के रेल नेटवर्क को सुदृढ़ करने तथा लंबित परियोजनाओं को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा पठानकोट जोगिंदर नगर रेलवे लाइन को जल्द पुनः शुरू करने का उठाया गया। हाल ही में यह चर्चा थी कि ट्रेन का संचालन डलहौजी रोड स्टेशन से किया जाएगा, लेकिन रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सेवा पठानकोट स्टेशन से ही बहाल की जाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस रेल सेवा को जल्द पुनः शुरू किया जाएगा।इसके अलावा इस रेलवे ट्रैक को ब्रॉड गेज में परिवर्तित करने की मांग भी रखी गई, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए विभाग को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। कांगड़ा-चंबा क्षेत्र में नए रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें मंत्री ने शीघ्र सर्वे करवाने की बात कही।बैठक में वंदे भारत एक्सप्रेस के श्री वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली मार्ग पर पठानकोट कैंट में पुनः ठहराव शुरू करने का मुद्दा भी उठाया गया। यह सेवा पिछले वर्ष बारिश के बाद बंद कर दी गई थी।

साथ ही अंब-अंदोरा और दौलतपुर रेलवे ट्रैक को कांगड़ा के प्रमुख शक्तिपीठों—मां ज्वालाजी, मां चामुंडा, मां ब्रजेश्वरी और मां बगलामुखी—से जोड़ने की मांग भी रखी गई, जिस पर मंत्री ने आवश्यक विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस अवसर पर कहा गया कि कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में रेलवे विकास को लेकर हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!