सरोल में भलेई माता नेत्र अस्पताल का उद्घाटन, क्षेत्र को मिली आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा

चंबा 02 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज सरोल स्थित भलेई माता नेत्र अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक नेत्र उपचार सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। अब मरीजों को आंखों के इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए आशा व्यक्त की कि अस्पताल प्रबंधन भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करता रहेगा।

इस अवसर पर अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. विपिन ठाकुर ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह प्रदेश का पांचवां नेत्र अस्पताल है, जहां अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से फेको और लेजर तकनीक द्वारा काला मोतिया (ग्लूकोमा) और सफेद मोतिया (कैटरेक्ट) का उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल में विभिन्न नेत्र रोगों की जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।डॉ. ठाकुर ने जानकारी दी कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी, जो नियमित जांच, परामर्श और सर्जरी की सुविधाएं प्रदान करेगी।

इससे स्थानीय लोगों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सकेगा, जिससे उनकी दृष्टि संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।