सुंडला में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन की बैठक, 22 जून को प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान
सलूणी/ चम्बा 03 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
सुंडला में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन (सीटू सम्बद्ध) की ब्लॉक कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्कर्स की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विपिन ने की, जबकि सीटू जिला महासचिव सुदेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश ठाकुर ने कहा कि मिड डे मील वर्कर्स आज गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्हें मात्र 5000 रुपये मासिक मानदेय मिलता है, जो समय पर भी नहीं दिया जाता। इस कारण वर्कर्स के लिए परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और इलाज जैसे जरूरी खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि देश के बच्चों को कुपोषण से बचाने वाले ये वर्कर्स खुद आर्थिक तंगी और कुपोषण का सामना कर रहे हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाई कोर्ट के 12 माह वेतन संबंधी निर्णय को लागू नहीं किया जा रहा है, जबकि शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों को पूरे वर्ष का वेतन मिलता है। 25 बच्चों की शर्त के कारण कई वर्कर्स को नौकरी छोड़नी पड़ रही है और उन्हें किसी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा या पेंशन का लाभ भी नहीं मिल रहा है।जिला अध्यक्ष विपिन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मिड डे मील योजना के बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। वर्कर्स को घोषित मानदेय भी पूरा नहीं मिल रहा और केंद्र से मिलने वाली राशि भी समय पर नहीं आती। उन्होंने मांग की कि वर्कर्स को सालाना छुट्टियां, वर्दी, अतिरिक्त कार्य का वेतन और अन्य कर्मचारियों की तरह सुविधाएं दी जाएं।बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों की अनदेखी के विरोध में 22 जून को प्रदेशभर में हड़ताल की जाएगी और शिमला में सचिवालय का घेराव किया जाएगा।