“सशक्त नारी, सशक्त समाज” की मिसाल,किरण डोडेजा ने बदली हजारों महिलाओं की जिंदगी

डलहोजी/ चम्बा 04 मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले में महिला सशक्तिकरण को जमीनी स्तर पर साकार करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। योग मानव विकास ट्रस्ट की अध्यक्षा किरण डोडेजा पिछले 24 वर्षों से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं। उनका यह प्रयास न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है, बल्कि समाज में उनकी पहचान और सम्मान भी बढ़ा रहा है।वर्ष 2001 में स्थापित इस ट्रस्ट ने अपने शुरुआती दौर से ही गरीब महिलाओं और लड़कियों के उत्थान को प्राथमिकता दी। उस समय ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक परिस्थितियाँ ऐसी थीं कि लड़कियों को रोजगार के लिए घर से बाहर भेजना स्वीकार्य नहीं था।

ऐसे में किरण डोडेजा ने स्कूल छोड़ चुकी लड़कियों को स्थानीय स्तर पर ही कौशल आधारित प्रशिक्षण देने की पहल की।दिसंबर 2002 से केंद्र सरकार के सहयोग से कटिंग, टेलरिंग, ड्रेस मेकिंग और ब्यूटी कल्चर जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए। इसके साथ ही योग मानव व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान (VTI) की स्थापना की गई, जिसे राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) से मान्यता प्राप्त है। इस संस्थान के माध्यम से अब तक 2800 से अधिक महिलाओं और लड़कियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।ट्रस्ट ने सुरगानी, बरंगाल और बनीखेत जैसे दूरदराज के क्षेत्रों तक अपनी पहुँच बनाकर कंप्यूटर शिक्षा, योग प्रशिक्षण और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) जैसे कार्यक्रम भी शुरू किए हैं।

इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि कई महिलाएं आज सफल उद्यमी बन चुकी हैं और “लखपति दीदी” के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं।सामाजिक सरोकारों के तहत किरण डोडेजा ने 120 से अधिक गरीब विधवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की है, जिसमें नियमित मासिक सहयोग भी शामिल है। विज्ञान स्नातक और बी.एड. शिक्षित होने के साथ-साथ रेकी ग्रैंडमास्टर किरण डोडेजा ने विशेष रूप से SC, ST और BPL वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उनकी यह अथक सेवा और समर्पण चंबा में महिला सशक्तिकरण की एक सशक्त मिसाल बनकर उभरी है, जो समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है।