चंबा मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स कर्मचारियों का अल्टीमेटम, 7 दिन में वेतन न मिला तो हड़ताल

चम्बा 07 अप्रैल मुकेश कुमार( गोल्डी)
चंबा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा के आउटसोर्स कर्मचारियों ने पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने और अन्य वित्तीय लाभों के लंबित रहने पर कड़ा रुख अपनाया है। कर्मचारियों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे सामूहिक हड़ताल के साथ-साथ कार्य का बहिष्कार करेंगे।आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन ने उपायुक्त चंबा को सौंपे ज्ञापन में अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले तीन महीनों से नियमित वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। इसके अलावा अप्रैल 2025 से लंबित एरियर और ईपीएफ (EPF) का भुगतान भी अभी तक नहीं किया गया है।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार प्रशासन के समक्ष लिखित और मौखिक रूप से अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर पारिश्रमिक नहीं मिल रहा, जो उनके अधिकारों का सीधा हनन है।यूनियन के अनुसार, वेतन न मिलने के कारण सैकड़ों कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।यूनियन ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर वेतन और बकाया राशि जारी नहीं की जाती, तो सभी कर्मचारी शांतिपूर्ण हड़ताल और काम बंद करने के लिए मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में अस्पताल सेवाएं प्रभावित होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।