विश्व स्वास्थ्य दिवस पर चंबा में जागरूकता कार्यक्रम, वैज्ञानिक सोच अपनाने पर जोर

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर चंबा में जागरूकता कार्यक्रम, वैज्ञानिक सोच अपनाने पर जोर

चंबा, 7 अप्रैल. मुकेश कुमार (गोल्डी)

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चंबा द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने की, जिसमें शकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज, चंबा की छात्राओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।अपने संबोधन में डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “Together for Health, Stand with Science” समाज को एकजुट होकर विज्ञान आधारित निर्णय अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने टीकाकरण, स्वच्छता, संतुलित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया तथा अफवाहों से बचकर प्रमाणित जानकारी पर विश्वास करने की अपील की।उन्होंने नर्सिंग छात्राओं को स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे समाज की स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला हैं।जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी ने पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा संक्रामक और गैर-संक्रामक रोगों की रोकथाम पर विस्तृत जानकारी साझा की।कार्यक्रम के अंत में डॉ. जालम भारद्वाज ने सभी प्रतिभागियों, विशेषकर नर्सिंग छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!