चंबा में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को, तैयारियां पूरी

चंबा में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को, तैयारियां पूरी

चंबा 08 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा में 79वां जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को ऐतिहासिक चौगान मैदान में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष समारोह की अध्यक्षता प्रदेश सरकार में टीसीपी, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी करेंगे। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।उन्होंने बताया कि समारोह का शुभारंभ 15 अप्रैल प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की टुकड़ियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा, जो समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा। मार्च पास्ट में भाग लेने वाले दलों ने इसके लिए विशेष अभ्यास भी शुरू कर दिया है।कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। जवाहर नवोदय विद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा, डाइट सहित विभिन्न स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर हिमाचली संस्कृति की झलक पेश करेंगे। लोक नृत्य, गीत-संगीत और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित करेंगी।समारोह में विभिन्न विभागों के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। इसके अलावा समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में चौगान मैदान पहुंचकर समारोह की शोभा बढ़ाएं और प्रदेश के इस महत्वपूर्ण दिवस को मिलकर उत्साहपूर्वक मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!