शिक्षा की गुणवत्ता का मूल आधार शिक्षक :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा, 10 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
बीते कल जिला चंबा में शिक्षक व्यावसायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम नीति आयोग, जिला प्रशासन चंबा और भारती एयरटेल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता का मूल आधार शिक्षक होते हैं और आधुनिक शिक्षा प्रणाली में निरंतर प्रशिक्षण, डिजिटल संसाधनों का उपयोग तथा तकनीकी सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि टीचर ऐप शिक्षकों के लिए एक प्रभावी मंच है, जो उन्हें नई शिक्षण विधियों, इंटरएक्टिव मॉड्यूल्स और कौशल विकास के अवसर प्रदान करता है।

उपायुक्त ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपनी वास्तविक समस्याएं और चुनौतियां खुलकर सामने रखें, ताकि उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मॉड्यूल्स, विषय आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है।उन्होंने मल्टी-ग्रेड टीचिंग, सिंगल टीचर स्कूल, विषय विशेषज्ञों की कमी, बदलते पाठ्यक्रम और क्षमता निर्माण जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया। साथ ही सुझाव दिया कि इन क्षेत्रों में टीचर ऐप के माध्यम से उपयोगी और व्यवहारिक सामग्री विकसित की जानी चाहिए।इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और कर्मठता की सराहना की।कार्यक्रम में उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, ओएसडी उमाकांत, एयरटेल फाउंडेशन से प्रवीण चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, डाइट प्रतिनिधि, रिसोर्स पर्सन और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण उपस्थित रहे।