चंबा में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान तेज, सहयोग न करने पर कट सकती है बिजली

चंबा में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान तेज, सहयोग न करने पर कट सकती है बिजली

चम्बा 16 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा जिले में स्मार्ट मीटर लगाने एवं पुराने मीटरों के प्रतिस्थापन का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) द्वारा जारी निर्देशों तथा विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को आधुनिक, पारदर्शी और बेहतर विद्युत सेवाएं प्रदान करना है।इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्युत उपमंडल चंबा नंबर-1 के सहायक अभियंता तेजू राम ने बताया कि स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली लागू होने से उपभोक्ताओं को बिजली खपत की सटीक जानकारी प्राप्त होगी। साथ ही बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं को अपनी बिजली उपयोग की बेहतर निगरानी करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था डिजिटल तकनीक पर आधारित है, जिससे भविष्य में कई सेवाएं और अधिक सरल हो जाएंगी।तेजू राम ने स्पष्ट किया कि विद्युत अधिनियम-2003 के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अधिकृत अधिकारियों को निरीक्षण, परीक्षण और मीटर प्रतिस्थापन के लिए उपभोक्ताओं के परिसरों में प्रवेश करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त है। ऐसे में किसी भी प्रकार का विरोध या बाधा उत्पन्न करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें और मीटर बदलने के दौरान अधिकारियों को आवश्यक अनुमति दें। यदि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने में बाधा डालता है या अधिकृत कर्मचारियों को परिसर में प्रवेश से रोकता है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत 24 घंटे का नोटिस देने के बाद उसकी विद्युत आपूर्ति काटी जा सकती है।प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य में सहयोग करें और इस नई तकनीक का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!