हिमाचल दिवस पर चम्बा में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले एनएसएस स्वयंसेवियों को किया गया सम्मानित

चम्बा 16 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर चम्बा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान एक सराहनीय पहल देखने को मिली। कार्यक्रम में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग देने वाले राजकीय महाविद्यालय चम्बा के 11 एनएसएस स्वयंसेवियों एवं ट्रैफिक वालंटियर्स को मुख्यातिथि तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री राजेश धर्माणी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर अविनाश ने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव और नियमों के उल्लंघन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने महाविद्यालय के 11 स्वयंसेवियों—खेम राज, लतू शर्मा, चुना लोन, मुस्कान राठौर, तनीषा, रेणुका, निखिल गौतम, आश्विन जरयाल, प्रिया, अमृता और पिंकू वर्मा—को ट्रैफिक वॉलंटियर के रूप में नियुक्त किया था।इन स्वयंसेवियों को विशेष प्रशिक्षण, यूनिफॉर्म, पहचान पत्र और आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए गए। उन्हें शहर के प्रमुख स्थानों जैसे मुख्य चौक, भट्ठी नाला, सुल्तानपुर चौक, इरावती चौक और भरमौर चौक पर यातायात संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने यातायात पुलिस के साथ मिलकर न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाया, बल्कि आम लोगों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया।

यातायात प्रभारी अजय चंदेल और आरक्षी मोहित रैना के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए इन स्वयंसेवियों ने अपनी पढ़ाई के साथ संतुलन बनाकर उत्कृष्ट सेवा दी। उनकी लगन, अनुशासन और समर्पण की सभी ने सराहना की।प्रोफेसर अविनाश ने बताया कि यह अनुभव स्वयंसेवियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। इससे पहले भी पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी द्वारा इन सभी स्वयंसेवियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जा चुका है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश राठौर सहित समस्त स्टाफ ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।