विशेष राजस्व अदालत की समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश

विशेष राजस्व अदालत की समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश

चंबा 18 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना एवं विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में विशेष राजस्व अदालत से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में चल रहे राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा करना तथा लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए दिशा-निर्देश देना था।उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष राजस्व अदालत के अंतर्गत अब तक कुल 1636 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है। इनमें 440 तकसीम, 640 सीमांकन तथा 556 राजस्व अभिलेख दुरुस्ती से जुड़े मामले शामिल हैं। उन्होंने इस प्रगति को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों को और अधिक तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान उपायुक्त ने गत सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि लंबित मामलों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी उपमंडल दंडाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे प्रति सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को समयबद्ध न्याय मिल सके।

उन्होंने विशेष रूप से एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया और संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निपटाए गए सभी मामलों का डेटा राजस्व प्रबंधन प्रणाली में अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।इसके अतिरिक्त पुराने पंजीकृत दस्तावेजों की स्कैनिंग और जमाबंदी से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी जारी किए गए। बैठक का संचालन अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा द्वारा किया गया।इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना) चंबा प्रियांशु खाती, सलूणी के चंद्रवीर सिंह, चुराह के राजेश जरयाल सहित विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!