सलूणी में श्री गुरु रविदास सम्मेलन आयोजित, सामाजिक एकता और सुधार पर दिया गया जोर

सलूणी में श्री गुरु रविदास सम्मेलन आयोजित, सामाजिक एकता और सुधार पर दिया गया जोर

सलूणी/चम्बा 18 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

तहसील सलूणी के अंतर्गत खडजोता पंचायत के डुगोई गांव में आज श्री गुरु रविदास सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान और गुरु वाणी के साथ हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट की।सम्मेलन के दौरान गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर आधारित सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें भक्ति, समानता और मानवता के संदेश को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर चंबा से आई टीम ने विशेष भूमिका निभाई। मंगला निवासी तथा डीसी ऑफिस चंबा से सेवानिवृत्त क्लर्क सुनील ने अपनी टीम के साथ सत्संग प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक संदेशों से प्रेरित किया।इसके अलावा तहसील चुराह के चिल्ली क्षेत्र से गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास सोसाइटी तथा अंबेडकर मिशन सोसाइटी ब्लॉक सलूणी के अध्यक्ष व्यास देव अपनी टीम सहित कार्यक्रम में शामिल हुए।

सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए गुरु रविदास जी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम में समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे नशाखोरी और जातिवाद पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने इन बुराइयों को समाप्त करने और समाज में समानता, भाईचारे तथा जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास और अंबेडकर जी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में अत्यंत प्रासंगिक हैं।सम्मेलन के अंत में सलूणी क्षेत्र में अंबेडकर भवन और गुरु रविदास गुरुद्वारा के निर्माण की योजना भी प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा और इसके लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया। यह आयोजन सामाजिक एकता और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!