जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर,धर्मपुर स्कूल में प्रवेश परीक्षा 3 मई को

शिमला 19 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक अवसर प्रदान करते हुए डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्मपुर जिला मंडी में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा साई इंटरनल फाउंडेशन के तत्वावधान में हिमालयन सेंटर फॉर ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए आयोजित की जाएगी। परीक्षा रविवार, 3 मई 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।इस परीक्षा में वही विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने कक्षा 8वीं उत्तीर्ण की है और जिनके परिवार की वार्षिक आय 4,25,000 रुपये से अधिक नहीं है। चयनित विद्यार्थियों को विद्यालय में पूरी तरह नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिसमें छात्रावास सुविधा, भोजन, वर्दी, पुस्तकें आदि शामिल हैं। विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।प्रवेश परीक्षा राज्य के विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों में स्थित सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित की जाएगी, जिनमें किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और शिमला जिलों के केंद्र शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों में सांगला, पूह, काजा, उदयपुर, किलाड़ (पांगी), होली, भरमौर तथा कवार (डोडरा कवार) जैसे स्थान निर्धारित किए गए हैं।उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन सुबह 10 बजे तक अपने संबंधित केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्हें आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, कक्षा 8वीं की रिपोर्ट कार्ड की प्रति तथा परिवार की आय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। साथ ही, पेन और अन्य आवश्यक सामग्री भी साथ लाना जरूरी होगा। परीक्षा से संबंधित सभी प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाएं फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।यदि किसी परीक्षा केंद्र में मौसम या अन्य कारणों से बदलाव होता है, तो इसकी सूचना साई इंटरनल फाउंडेशन के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिए गए संपर्क नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
ओम प्रकाश मोबाइल नंबर 85447-54064
विजय ठाकुर मोबाइल नंबर82196-10716
अतुल कुमार मोबाइल नंबर82190-76003