नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 3.26 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

कांगडा 19 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी पर करारा प्रहार किया है। थाना फतेहपुर पुलिस की टीम ने बीते दिन गुप्त सूचना और नियमित नाकाबंदी के दौरान एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस दल ने अपर बरोट क्षेत्र में ढाबा के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.26 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया।आरोपी की पहचान साहिल उर्फ गज्जो (28 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 4, बारोट, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी बेहद जरूरी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।